गुरुवार, 11 जून 2020

कविता- वेदना


वेदना

ये जंग अगर जीत भी जायेंगे,
कितने साथी तब तक साथ छोड़ जायेंगे,
जाने कितनो की सूरत धुंधली हो जायेगी,
कितने तो घर भी नही पहुँच पाएंगे....

तरसती आँखे राह देखेंगी,
भूखा आएगा लाल,रोटियां माँ सेकेंगी,
दुआएं कैसे करेंगी हिफाज़त,
जब तपती सड़के आग फेकेंगी....

परिवार को बचाएं या खुद को?,
मरने की दहशत यहां सबको,
इंसान इंसानियत भूल गया है,
शहर नगर सब छूट गया है...

इंसान है, थक ही जायेंगे,
पाँव के छालो को कब तक समझायेंगे,
घर जाते ही माँ से लग रो जायेंगे,
थोडा चल ले और, फिर मीलों से चेन पाएंगे...

जिसकी थाल भरी हो वो क्या भूख को जानेगा?
ए.सी. के कमरों से कोई क्या धुप को तपेगा?,
तपती सड़क पर नन्ने पेरों का मीलो सफ़र,
देश कैसे भूल पायेगा..?

आत्मनिर्भर की नींद से हुकूमत जगाओ,
जो बोलता है,उसे भी भूखे पेट सड़क नपाओ,
और हालात से जो लड़ रहा है,
ज्ञान उस मज़लूम को न सुनाओ...।

                                             -शहनाज़ ख़ान








शनिवार, 6 जून 2020

लघू कहानी- पतझड़


पतझड़

    सुनो, क्या तुमने कभी शाखों के पिले पत्तों को गिरते देखा है?...उन्हें ज़िंदगी के आखरी पल जीते देखा है?..उन आखिर पलों में हवाओ से लड़ते देखा है उन्हें तुमने?...

   मैं भी तुम्हारे लिए ज़माने की हवाओं से उसी तरह लड़ रहा था कि कहीं तुम्हे खो न दू या कही मैं तुम बिन खो न जाऊ..मेरी पहचान तुम थी..और तुम्हे थाम कर जीना ही मेरी ज़िंदगी थी...

......लेकिन तुम शाख थी, तुमने हाथ छोड़ दिया...क्योंकि मैं बीते मौसम-ऐ-बहार, जो आज पतछड़ हूँ,..और तुम्हे तो आने वाली बहार का इंतज़ार था..


                                         -शहनाज़ ख़ान


शनिवार, 30 मई 2020

कविता- उम्मीद का परिंदा



"उम्मीद का परिंदा"

ज़िंदगी के आसमान में,
उम्मीद का परिंदा उड़ने दो..

पंखो को खोलो,
हौसलों की उड़ान भरने दो...

चुगने दो जीत का दाना,
चहचहो में मिसाल रहने दो...

क्यों कैद काटे कोई,
बंदिशों के पिंजरे में..
बैठा है मन में छुप कर जो,
उस उम्मीद के परींदे को,
हौसलों को उड़ान भरने दो...

-शहनाज़ ख़ान


शनिवार, 16 मई 2020

हमसफ़र

 हमसफ़र



मोहब्बत की उम्र,
मेरे नसीब से बड़ कर मिली मुझे...

लेकिन...

मेरे हमसफर के साथ जीने के लिए,
बस मेरी ही उम्र कम पड़ गयी...

-शहनाज़ ख़ान

शुक्रवार, 8 मई 2020

कहानी- बचपन के साथी


बचपन के साथी


       मैं आज अपनी छत पर बहोत वक़्त के बाद आ गया था।
     बिजली नहीं थी, और गर्मी से बुरा हाल हुआ जा रहा था। बहोत देर इंतज़ार के बाद सोचा शायद छत पर हवा चल रही हो, तो अपना मोबाइल और एक पानी की बोत्तल ले कर आ गया।

        ऊपर छत पर भी कोई खास हवा नहीं थी, लेकिन कमरे की घुटन से बेहतर थी।
      बैठते ही मैंने अपना मोबाइल ऑन करके उस पर मेसेज और नोटिफिकेशन देखी। फिर सोचा ....

"आज कोई मूवी देखता हूँ।...."

     थोड़ी देर बाद महसूस हुआ कि मुझे प्यास लगी है। मैंने बोत्तल खोल कर पानी पीना शुरू किया ही था कि मेरी नज़र आसमान पर गयी।

    " एक टूटता तारा दिखाई दिया.."  

    मैं ठहर गया, एक पल में याद आया, कोई विश मांग लूँ, लेकिन फिर तभी याद आया.....

   "वो तो बचपन की बात थी।... मैं अब भी ऐसे कैसे सोच रहा हूँ?.."

     देखते ही देखते मैं सोचो में खो गया।  मेरी जब भी अब कभी सितारों पर नज़र जाती है, तो मुझे हैरत होती है। आज पूछ ही लिया खुद से...

    "क्या मैं इतना मशरूफ हूँ कि दिनों, महीनों और सालों इन सितारों को देखना ही भूल जाता हूँ?.." 

     फिर यहाँ वहाँ देखा, याद करने की कोशिश कर रहा था कि वो पहले वाले सितारे आज भी यहीं है क्या?..
     एक जो बड़ा सितारा था, हाँ ये भी यहीं है।।

     ओहह.... आज इन सितारों से मिल कर ऐसा लग रहा है, जैसे खोये हुए बचपन के साथी मिल गए हो।

      टीम-टीम करके चमकते सितारे, जैसे आज मुझसे मिल कर मुस्कुरा रहें हैं। मैं बहोत देर आसमान को मुस्कुरा कर देखता रहा और जाने कब सो गया।

      सुबह जब मेरी आँख खुली तो सारे सितारे, थक कर अपने घर जा चुके थे।।
      अब जाने कब मिलना हो, कब याद आये, कब भागती ज़िन्दगी की रेस वक़्त दे और मैं तुमसे मिलने आऊँ?...



- शहनाज़ ख़ान

रविवार, 3 मई 2020

कविता- भ्रम






भ्रम 

 समय के हर काल-अकाल में,...
छल त्रिशूल, विश्वास ढ़ाल में।।।


रग-रग कपट, बुद्धि षडयंत्र साझी,..
मैं बैठा हूँ, कल युग की खाल में।।।


त्राही समाधि बनाये बैठी है,...
पाप बुन रहा हूं माया जाल में।।।


मुझे अभिमान कि मेरा अन्त नही,..
युग समां चुके,समय की चाल में।।।


-शहनाज़ खान

शुक्रवार, 1 मई 2020

मेरा परिचय



हैलो दोस्तों,
                 मेरा नाम शहनाज़ है और आज से मैं अपने ब्लॉगर पेज की शुरुआत करने जा रही हूँ।
मुझे कहानियां और कविताऐं लिखना पसन्द हैं।।

     दुनिया में हर लेखक अपने अनुभवों और विचारों को किसी न किसी माध्यम से पाठकों के सामने रखता है। लेखक अपने मन की भावनाओं को लिख कर, बोल कर, गीत-संगीत से, नाटक क्रम, कविताओं या किसी अन्य प्रकार से अपने पाठकों और प्रसंशकों तक पंहुचाते हैं।।

मैं भी आज यहाँ अपनी लेखनी को आरम्भ करने जा रही हूँ, उम्मीद है आपको मेरी लिखी कविताएँ और कहानियां पसन्द आएँगी।।

आपको यह कहानियां और कविताएँ कैसी लगी, कमेन्ट बॉक्स में ज़रूर बतायें।।।


 सहादर- शहनाज़ ख़ान

                                                     धन्यवाद।।